अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने किया महिलाओं को सम्मानित, ‘महिला सारथी’ योजना की दी हरी झंडी
"महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: मुख्यमंत्री धामी ने ‘महिला सारथी’ योजना की शुरुआत की, सम्मानित हुईं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं"

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आई.आर.डी.टी ऑडिटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सुश्री रेशमा शाह, सुश्री भारती, पार्षद अंजना रावत, श्रीमती बीना, श्रीमती रेखा पांडे, श्रीमती ममता, श्रीमती सरिता पंवार सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘महिला सारथी’ (पायलट प्रोजेक्ट) के तहत महिला ड्राइवरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, राजनीति, खेल, विज्ञान, सेना, कृषि और उद्योग जैसे हर क्षेत्र में महिलाएँ आगे बढ़कर देश का नेतृत्व कर रही हैं।
महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया, जिनमें शामिल हैं:
- नंदा गौरा योजना – बालिकाओं के जन्म पर ₹11,000 और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि।
- सशक्त बहना उत्सव योजना और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना।
- वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और महिला छात्रावासों की स्थापना।
- सरकारी नौकरियों में राज्य की बेटियों को 30% क्षैतिज आरक्षण।
- महिला स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण।
- लखपति दीदी योजना, जिसके तहत 1 लाख से अधिक महिलाएँ लखपति बनीं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना, जिसमें महिला सुरक्षा के विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे रिश्तों की जानकारी माता-पिता और प्रशासन को होनी चाहिए, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
महिला उत्पादों को ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पाद अब ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत देश-विदेश तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारी बहनों द्वारा बनाए गए उत्पाद अब मल्टीनेशनल कंपनियों को भी टक्कर दे रहे हैं।”
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने किया महिलाओं का आह्वान
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भी इस अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अब पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
इस अवसर पर विधायक खजान दास, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, सचिव चंद्रेश यादव, निदेशक प्रशांत आर्य सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: आशिष त्रिपाठी, दून ख़बर