दिल्ली चुनाव 2025: 27 साल बाद BJP की सत्ता में वापसी, केजरीवाल हारे, मोदी बोले – ‘दिल्ली में विकास की जीत’

नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी करते हुए 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस इस बार भी खाता खोलने में नाकाम रही। नई दिल्ली सीट से भाजपा के प्रवेश वर्मा ने आप प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4,089 वोटों से हराया। वहीं, मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी को 3,521 वोटों से शिकस्त दी।
चुनाव परिणाम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा:
“आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। दिल्ली की जनता ने ‘आप-दा’ से मुक्ति पाई है।”
उन्होंने आगे कहा,
“हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। समय कितना ही क्यों न लगे, हम मां यमुना की सेवा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भाजपा ने दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू किया है, जबकि AAP के लिए यह एक बड़ा झटका साबित हुआ है।