
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर एक अहम घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अब यह पवित्र यात्रा टनकपुर से शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड में देवी-देवताओं का आशीर्वाद है, जो राज्य के विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों में मदद कर रहा है।
फिलहाल कैलाश मानसरोवर यात्रा लिपुलेख दर्रे से शुरू होती है, लेकिन अब सरकार ने इसे टनकपुर से प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। यह यात्रा कुमाऊं के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से होते हुए चीन के नियंत्रण वाले कैलाश मानसरोवर क्षेत्र तक जाती है। यह यात्रा बागेश्वर, जागेश्वर और पाताल भुवनेश्वर जैसे तीर्थस्थलों से होकर गुजरती है और इसे अत्यंत कठिन धार्मिक यात्राओं में गिना जाता है।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड और इसकी धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत से विशेष लगाव है। पीएम मोदी लगातार राज्य के विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं, और उत्तराखंड की उपलब्धियों का अनुकरण अन्य राज्य भी कर रहे हैं।