मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुना, भारत की शक्ति और सुरक्षा की सराहना की
"मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को सुना, भारत की शक्ति और सुरक्षा को प्रदर्शित किया"

देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुना। प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन केवल एक संदेश नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की चेतना और एक मजबूत भारत की हुंकार थी। उन्होंने अपने सख़्त और स्पष्ट संदेश के जरिए यह सिद्ध कर दिया कि भारत न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार है, बल्कि दुश्मनों को उनकी ही भाषा में जवाब देने का माद्दा भी रखता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने एक नया इतिहास रचा है। आतंकवाद को पनाह देने वालों के खिलाफ भारत की कार्रवाई अब तेज़ और निर्णायक हो चुकी है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब अपनी माताओं-बहनों के सम्मान को सर्वोपरि मानते हुए कड़ा कदम उठाता है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी सेना ने अद्वितीय साहस दिखाया और दुश्मनों के दिलों में दहशत भर दी है। सटीक और निर्णायक हमलों ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत अब केवल सहन नहीं करता, बल्कि अपने तरीके से जवाब देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीर भूमि के लोग राष्ट्र की रक्षा और समृद्धि के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। प्रधानमंत्री जी का यह संबोधन न केवल हमारी सुरक्षा नीति को स्पष्ट करता है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को देश की रक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित भी करता है।