सेलाकुई में स्कूली बच्चों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, कई घायल; विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के सेलाकुई क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब स्कूल की छुट्टी के समय एक तेज रफ्तार कार ने अटल आदर्श इंटर कॉलेज के बाहर पैदल और साइकिल से घर लौट रहे छात्रों को टक्कर मार दी। इस हादसे में कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सहसपुर के विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर, एसडीएम विनोद सुमन, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य यशवंत बर्तवाल और खंड शिक्षा अधिकारी कुंदन सिंह तत्काल ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचे। विधायक पुंडीर ने घायल बच्चों से मुलाकात की और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि बच्चों के इलाज में कोई कमी न रहे और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस ने कार चालक विक्रांत कुमार, जो सेलाकुई मानसिक अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है, को हिरासत में ले लिया है। बताया गया कि हादसे के बाद चालक घबरा गया और तेजी से भागने की कोशिश में एक के बाद एक तीन दुर्घटनाएं कर बैठा। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक पुंडीर ने बाबा केदार से बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घायल बच्चों में सृष्टि, आयुष कोठारी, नैना, आयुष डंडरियाल, शिखा, अंकित कुमार, सोनिया, अनुष्का रावत, सुहानी और श्वेता शामिल हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

थानाध्यक्ष सहसपुर पी.डी. भट्ट ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास ट्रैफिक नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। प्रशासन को चाहिए कि वह स्कूलों के आसपास सुरक्षा उपायों को मजबूत करे ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।